आपात स्थिति में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्वदेशी तकनीक
नई दिल्ली, 16 नवंबर (इंडिया साइंस वायर): चक्रवात या फिर भूकंप जैसी
प्राकृतिक आपदाओं अथवा मानव जनित व्यवधानों के कारण ट्रांसमिशन लाइन
टॉवरों के गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित होती है। ट्रांसमिशन लाइन टॉवरों के
फेल होने की स्थिति में बिजली संचरण त्वरित रूप से बहाल करने के लिए भारतीय
शोधकर्ताओं ने इमरजेंसी रिट्रीवल सिस्टम (ईआरएस) नामक स्वदेशी तकनीक
विकसित की है।
ईआरएस एक हल्का मॉड्यूलर सिस्टम है, जिसका उपयोग चक्रवात या भूकंप जैसी
प्राकृतिक आपदाओं, अथवा मानव निर्मित व्यवधानों के दौरान ट्रांसमिशन लाइन
टॉवरों के गिरने के तुरंत बाद बिजली को बहाल करने के लिए अस्थायी समर्थन
संरचना के रूप में किया जाता है। दो से तीन दिनों में बिजली की बहाली के लिए
आपदा स्थल पर ईआरएस को शीघ्रता से असेंबल किया जा सकता है, जबकि स्थायी
बहाली में कई सप्ताह लग सकते हैं।
यह तकनीक वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान प...
