किन-किन गुनाहों की माफी मांगोगे राहुल गांधी
आर.के. सिन्हा
कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने अपनी दादी श्रीमती इंदिरा गांधी द्वारा सन 1975 में लगाई गई इमरजेंसी को अंततः गलत बताया है । पर उन्हें तो कांग्रेस के और नेहरु-गाँधी खानदान के न जाने और भी कितने गुनाहों के लिए देश की जनता से माफी मांगनी होगी।
काश,राहुल गांधी ने इमरजेंसी के साथ ही स्वर्ण मंदिर में टैंक चलाने की कार्रवाई को भी गलत करार दिया होता। तब देश की प्रधानमंत्री उनकी दादी श्रीमती इंदिरा गांधी ही थीं। उन्होंने 5 जून 1984 को एक बेहद खतरनाक फैसला लिया। उनके फैसले से देश का एक राष्ट्र भक्त सिख समाज का एक बड़ा भाग हमेशा के लिए देश की मुख्यधारा से अलग हो गया। उन्होंने देश और दुनिया के करोड़ों सिखों की भावनाओं को आहत किया। उस मनहूस दिन भारतीय सेना अमृतसर के स्वर्ण मंदिर परिसर में भेजी गई। वहां पर सेना के टैंक चलने लगे। उस एक्शन को ऑपरेशन ब्लू स्टार कहा गया। इस एक्शन से पूरा द...
