नया साल नया जीवन : कहीं आप भी तो नहीं हैं गॉब्लिन मोड का शिकार? इसकी गिरफ्त में हैं या नहीं, ये भी जान लीजिए
डॉ. चीनू अग्रवाल
साल गुज़र जाते हैं, लेकिन अपने दौर को किसी न किसी रूप में कहीं दर्ज ज़रूर कराते जाते हैं। 2022 में लोगों की सोच की एक झलक इस साल के ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस द्वारा चुने शब्द में देखी जा सकती है- गॉब्लिन मोड। साल बीते उससे पहले आइए इस शब्द की पड़ताल करें। शायद नए साल में जीने का तरीक़ा भी मिल जाए!
पिछले महीने एक डॉक्टर दंपती बड़ा चिंतित होकर अपनी 15 वर्षीय बिटिया की काउंसलिंग करवाने आया। अभिभावकों ने बताया कि बेटी बहुत होशियार रही है, नवीं कक्षा में पढ़ती है, थोड़ा कम बोलती है पर वैसे हंसमुख और मिलनसार है। इधर कुछ हफ़्तों से न स्कूल जाती है, न पढ़ती है, न नहाती है। बस सोफ़े पर पड़े-पड़े सारा दिन निकाल देती है।
‘डॉक्टर, हम बहुत चिंतित हैं, लगता है जैसे डिप्रेशन के लक्षण हों।’ मैंने जब माता-पिता को बाहर बिठाकर बेटी से बात करनी चाही तो उसने एक गहरी सांस भरी और अंग...









