नया उपकरण बताएगा आँतों में कैसे काम करते हैं सूक्ष्मजीव
नया उपकरण बताएगा आँतों में कैसे काम करते हैं सूक्ष्मजीव
सूक्ष्मजीवों का मनुष्य के जीवन से गहरा संबंध है। रोगजनक सूक्ष्मजीव हमें बीमार करने के लिए जाने जाते हैं, तो दूसरी ओर बहुत से सूक्ष्मजीव बेहतर स्वास्थ्य की एक महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। सूक्ष्मजीवों का यह समुदाय माइक्रोबायोम कहलाता है, जो चयापचय और रोगों से बचाव में अपनी भूमिका निभाते हैं।
मानव आँत माइक्रोबायोम की एक हजार से अधिक प्रजातियों से मिलकर बना है, जिनमें 33 लाख से अधिक विशिष्ट जीन्स हैं। आँतों में सूक्ष्मजीव भोजन को संसाधित करने के लिए एंजाइमों का स्राव करते हैं और शरीर को विभिन्न मेटाबोलाइट प्रदान करते हैं, जो शरीर की आंतरिक कार्यप्रणाली के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक हैं।
भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) भोपाल के शोधकर्ताओं ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित एक नया उपकरण विकसित किया है, ज...









