प्रधानमंत्री ने उद्योग जगत के विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ वार्तालाप किया
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर उद्योग जगत के विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ वार्तालाप किया। आगामी केन्द्रीय बजट से पूर्व प्रधानमंत्री का उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ इस तरह का यह दूसरा वार्तालाप है।
प्रधानमंत्री ने कोविड के खिलाफ लड़ाई के दौरान प्रदर्शित देश की अंतर्निहित शक्ति के संबंध में बातचीत करते हुए उद्योग जगत प्रमुखों को उनके सहयोगों और सुझावों के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें पीएलआई प्रोत्साहन जैसी नीतियों का पूर्ण उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह देश ओलंपिक में प्रमुख वरीयता प्राप्त करने की इच्छा रखता है, उसी तरह देश हमारे उद्योगों को हर क्षेत्र में दुनिया के शीर्ष पांच में देखना चाहता है, और इसके लिए हमें सामूहिक रूप से काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट सेक्टर को...









