तम्बाकू उत्पाद पर चित्रमय चेतावनी से कम होता है तम्बाकू सेवन
तम्बाकू उत्पाद पर चित्रमय चेतावनी से कम होता है तम्बाकू सेवन
शोभा शुक्ला – सीएनएस
सिर्फ़ दो तरह से तम्बाकू सेवन कम हो सकता है: नए बच्चे-युवा तम्बाकू सेवन शुरू न करें, और जो लोग तम्बाकू व्यसनी हैं वह नशा-मुक्त हों। तम्बाकू उत्पाद के पैकेट पर प्रभावकारी चित्रमय चेतावनी से, यह दोनों लक्ष्य पूरे करने में मदद होती है इसीलिए यह जन स्वास्थ्य की दृष्टि से प्रभावकारी नीति है परंतु तम्बाकू उद्योग को नहीं 'पसंद' क्योंकि उसके मुनाफ़े की क्षति होती है। यह कहना है डॉ तारा सिंह बाम का जो सुप्रसिद्ध तम्बाकू नियंत्रण विशेषज्ञ हैं और इंटरनैशनल यूनियन अगेन्स्ट टुबर्क्युलोसिस एंड लंग डिज़ीज़ (द यूनियन) के एशिया पैसिफ़िक निदेशक हैं।
वैज्ञानिक शोधों से यह प्रमाणित होता है कि सभी तम्बाकू उत्पादों पर चित्रमय स्वास्थ्य चेतावनी, बच्चों और युवाओं को तम्बाकू का सेवन शुरू करने से रोकने और मौजूदा तम्बाकू व्यसनियों क...









